रायपुर। छत्तीसगढ़ के करीब 1 लाख 80 हजार शिक्षक गुरुवार को सामूहिक अवकाश लेकर एक दिवसीय हड़ताल चले गए। शिक्षकों के एक साथ हड़ताल पर चले जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई। उनका प्रदर्शन वेतन विसंगति, क्रमोन्नति, समयमान, पदोन्नति, पेंशन समेत कई मांगों को लेकर था। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले यह प्रदर्शन हुआ। आगे भी चरणबद्ध तरीक से उनका प्रदर्शन चलेगा। मोर्चा के प्रदेश संयोजक वीरेंद्र दुबे के मुताबिक 5 सूत्रीय मांगों को लेकर पहले भी शिक्षक कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। मोदी की गारंटी के तहत जो वादे किए गए थे उन्हें पूरा करना चाहिए।
सरगुजा में धरना देकर किया प्रदर्शन
सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में जिले के शिक्षकों ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन में हिस्सा लिया। संघर्ष मोर्चा के जिला प्रभारी मनोज वर्मा ने दावा किया कि जिले में करीब 10 हजार शिक्षक हड़ताल पर हैं। शिक्षकों के आंदोलन के कारण 80 फीसदी स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो सकी।
प्रदेश के 1 लाख 80 हजार शिक्षक हड़ताल पर
वेतन विसंगति, पदोन्नति सहित 5 मांगों को लेकर प्रदर्शन, स्कूलों में पढ़ाई ठप
