रायगढ़। एक पखवाड़ा पूर्व घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कया में वृद्ध महिला की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में नबालिग सहित तीन लोगों के खिलाफ घरघोड़ा पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी नाबालिग सहित दो लोगों को गिरपफ्तार कर लिया था। वहीं एक आरोपी फरार हो गया था। घरघोड़ा पुलिस को मुखबीर की मदद से आज फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई है। इस मामले के सभी आरापी अब जेल के सलाखों के पीछे हैं। ्रप्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले साल 7 जुलाई की रात ग्राम कया में भगवती राठिया (64 वर्ष) अपनी मौसी श्रीमती रुकी राठिया के घर आयी थी। दोनों ने साथ में खाना खाये और घर के बाहर सो गईं। उसी दौरान, फुलसिंह राठिया, जगनंदन राठिया और एक नाबालिग बालक घर में घुस आये और भगवती राठिया पर बांस के डंडे, लकड़ी से मारपीट शुरू कर दिया श्रीमती रुकी राठिया ने चीख-पुकार मचाई और लोगों को बुलाया। लेकिन तब तक भगवती राठिया की मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतिका के शव पंचानामा कर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। थाना घरघोड़ा के धारा 450, 302, 34 आईपीसी में विवेचना के दौरान पुलिस ने फुलसिंह (उम्र 45 वर्ष) साकिन देवना ग्राम पंचायत कया थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ और विधि के साथ संघर्षरत बालक को हत्या के अपराध में कोर्ट पेश कर रिमांड लिया गया। तीसरा आरोपी, जगनंदन राठिया, फरार हो गया था। मामले में आरोपित के फरार में रहने पर घरघोड़ा पुलिस द्वारा धारा 173(8) द.प्र.सं. के तहत् कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार आरोपियों के विरूद्ध चालान पेश किया गया था। थाना प्रभारी, निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में आज दोपहर मामले के फरार आरोपित जगनंदन राठिया पिता सकल सिंह राठिया उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम कया, थाना घरघोडा को घरघोड़ा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया है।