धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के छाल क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम कटाईपाली के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 20 बालिकाएं शैक्षणिक भ्रमण के लिए अन्य राज्य रवाना हुईं हैं। इस संबंध में कटाईपाली हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य राजीव गुप्ता ने बताया कि हरियाणा के राजकीय कन्या विद्यालय गंधारा, रोहतक में बालिकाओं के लिए वक्तित्व विकास शिविर आयोजित किया गया है। जिसमें विभिन्न राज्य की बालिकाएं सम्मिलित होंगी उनके आयोजकों द्वारा हमें संपर्क किया और हमारे स्कूल की बच्चियां भी तैयार हो गई। उन्हें हमारी स्कूल की टीम ले कर जा रही है। प्राचार्य ने बताया कि हम इन बालिकाओं को दिल्ली के समाज सेवी संस्थाओं द्वारा संचालित शैक्षणिक संस्थानों से संपर्क कर वहां भ्रमण भी कराएंगे। ताकि बच्चे अपने आगे की योजना के विषय मे जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने आगे बताया कि इस भ्रमण को लेकर हमारे बच्चे बहुत उत्साहित हैं। इन बच्चों का नेतृत्व हमारे विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका गीता ठाकुर कर रही हैं। जिनके साथ पूरे समय एक सप्ताह तक उस विद्यालय में रह कर उनका मार्गदर्शन करेंगी। भ्रमण के लिए हमारे शिक्षा विभाग के विकासखंड एवं जिला के आला अधिकारियों का सहयोग और उत्साहवर्धन हमें प्रेरित करता रहता है। जिसके परिणाम स्वरूप ही यह कार्यक्रम बन पाता है। प्रिंसिपल ने कहा कि पालकों का का भरपूर सहयोग और विद्यालय स्टॉफ के प्रयास से यह कार्य सफल होने जा रहा है।