धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत आमापाली गांव में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक गुरुवार को भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। इस आयोजन में पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायक सहित कई अन्य विधायक व पूर्व सांसद भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान औपचारिक तौर पर अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया गया। जिसके बाद भाजपा पदाधिकारी एवं वरिष्ठ वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा का परचम लहराने की दिशा में कार्य करने की अपील की। हालांकि, इस कार्यक्रम में प्रदेश के दो मंत्रियों के शामिल होना तय था लेकिन किसी कारण से दोनो मंत्री सम्मेलन में उपस्थित नहीं हो सके। इस अयोजन के दौरान राधे श्याम के नारे से माहौल गूंज उठा। बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में रायगढ़ सीट से भाजपा ने क्षेत्र के राधे श्याम राठिया को उम्मीदवार घोषित किया है।
उल्लेखनीय है कि इस आयोजन के दौरान कांग्रेस और जोगी कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। छाल क्षेत्र के राजनीतिक गलियारे में खासी पैठ रखने वाले नवल राठिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बीजेपी ज्वाइन किया। वहीं , धरमजयगढ़ क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने भाजपा में प्रवेश किया।
इसके साथ ही गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के स्थानीय पार्षद व कुछ सरपंच सहित वरिष्ठ चिकित्सक हेमंत राठिया भी बीजेपी की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए। इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन में जनता ने विश्वास जताया है और इस भरोसे को बरकरार रखने के लिए हमें एकजुट होकर पार्टी को फिर से एकतरफा जीत दिलानी है।
500 से अधिक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
भाजपा के इस विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस और जनता जोगी कांग्रेस पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा ज्वाइन किया। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि 5 सौ से अधिक लोगों ने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि यह पीएम मोदी की गारंटी और सीएम विष्णु देव साय के सुशासन का नतीजा है कि सैकड़ों लोग भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
दिग्गज नेता रहे मंचासीन
भाजपा के इस कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान प्रबोध मिंज विधायक लुण्ड्रा, गोमती साय विधायक पत्थलगांव, विवेकानंद बौरी विधायक पश्चिम बंगाल, पूर्व विधायक सत्यानंद राठिया, गिरधर गुप्ता, श्रीकांत सोमावार, शकील अहमद, गुरुपाल भल्ला, पूनम सोलंकी, अरूणधर दिवान, हरिशचंद्र राठिया, महेश चैनानी व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मंचासीन रहे।
आमापाली के कार्यकर्ता सम्मेलन में सैकड़ों लोगों ने थामा भाजपा का दामन
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं सहित कई सरपंच भी हुए शामिल
