रायपुर। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल का लंबी बीमारी के पश्चात आज सुबह एक निजी अस्पताल में निधन हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली में है, वह दोपहर की फ्लाइट से रायपुर लौट रहे हैं।
नंदकुमार बघेल के पार्थिव शरीर को शांति नगर के पाटन सदन में रखा गया है। नंदकुमार बघेल के निधन पर कई लोगों ने शोक जताया है।नंद कुमार बघेल पिछले 3 माह से राजधानी रायपुर के श्रीबालाजी हॉस्पिटल में भर्ती थे। श्रीबालाजी हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि नंद कुमार बघेल लंबे समय से अस्वस्थ थे, और कमजोर थे। उन्होंने आज आखिरी सांसें ली।
सीएम श्री साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के पिता श्री नंदकुमार बघेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना ईश्वर से की है।
राज्यपाल हरिचंदन ने पुष्पांजलि अर्पित की
राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शांति नगर स्थित निवास पहुंच कर उनके पिता स्वर्गीय नंदकुमार बघेल को पुष्पांजलि अर्पित की और गहरी संवेदना व्यक्त की।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्व. बघेल के निधन पर जताया शोक
रायगढ़। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भुपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा भूपेश बघेल के पिता के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। दुख की इस घड़ी में परमात्मा परिवार जनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। दुख की इस घड़ी में वे परिवार जनों के साथ है। कभी सर्वोदय आंदोलन से जुड़े रहे नंदकुमार बघेल ने जयप्रकाश नारायण के आंदोलन में भी भाग लिया था। बाद के दिनों में वो कई सामाजिक आंदोलनों से जुड़े रहे।1984 के दौरान दुर्ग लोकसभा से चुनाव भी लड़ा था। अपने सिद्धांतो पर अडिग रहने वाले नंद कुमार बघेल जी बेबाक बयान बाजी लिए जाने जाते रहेंगे।
पूर्व सीएम के पिता नंदकुमार बघेल का निधन
