रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस की टीम ने 2 ट्रक से करीब 700 किलो गांजा जब्त किया है। जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। 4 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। भखारी इलाके में यह कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक, डीआरआई की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 2 ट्रकों से बड़ी मात्रा में गांजा दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद टीम ने पुराने धमतरी रोड पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान आंध्र प्रदेश पासिंग के 2 संदिग्ध ट्रक वहां से गुजरते दिखाई दिए। टीम ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रकों में लोहे के नीचे गांजा मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांजा आंध्र प्रदेश से लाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। तस्करों ने जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए अलग तरीका अपनाया था। दोनों ट्रकों में ऊपर से लोहा भरा हुआ था, जबकि उसके बीच गांजा छिपाकर रखा गया था। बाहर से देखने पर ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन नजर आ रहे थे। डीआरआई ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है। हिरासत में लिए गए चारों तस्करों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा आंध्र प्रदेश में कहां से लाया गया था। महाराष्ट्र में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। अधिकारियों को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे बड़ा नेटवर्क हो सकता है। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।



