रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र स्थित जामपाली एसईसीएल कोयला खदान के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रकों की बेतरतीब कतारों से उत्पन्न यातायात समस्या अब गंभीर रूप लेती दिखाई दे रही है। खदान के बाहर आए दिन लगने वाले जाम के कारण आम वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति उस समय और चर्चा में आ गई जब बीते शनिवार को इसी मार्ग से गुजर रहे रायगढ़ पुलिस अधीक्षक का काफिला भी जाम में फंस गया। एसपी के काफिले के जाम में फंसने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और यातायात में बाधा डालने वाले छह ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार जामपाली खदान प्रबंधन ने यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले छह ट्रकों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इसके साथ ही घरघोड़ा पुलिस ने इन सभी छह ट्रकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 285 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद खदान के बाहर यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बीएनएस की धारा 285 के तहत की गई कार्रवाई के बाद अब खदान के बाहर ट्रकों की पार्किंग और कतार व्यवस्था पर भी ध्यान केंद्रित हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की बेतरतीब कतार के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति को लेकर पुलिस ने संबंधित वाहनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं खदान प्रबंधन द्वारा छह वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया गया है।
जामपाली खदान के बाहर ट्रकों की कतार से परेशान हुए रायगढ़ एसपी
6 ट्रकों पर एफआईआर और ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई



