रायगढ़। जिला प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। चक्रधर नगर चौक स्थित चावला रेस्टोरेंट एवं कलाकंद मिठाई दुकान के साथ मिठाई निर्माण के लिए संचालित कारखाने का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के सैम्पल लिए गए। जांच के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, सीएसपी मयंक मिश्रा, सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. एवं तहसीलदार शिव डनसेना मौजूद रहे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से नमूना सहायक सुश्री सरिता पटेल ने खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। लिए गए सैम्पल परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे जाएंगे। जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे ने बताया कि रक्षाबंधन, आगामी त्योहारों एवं सामान्य दिनों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित जांच एवं निगरानी की जा रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए मावा, पनीर, घी एवं मिठाइयों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लिए गए खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



