जशपुर। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग मामलों में 520 किलो गांजा जब्त किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपए है। पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहनों की कीमत करीब 40 लाख रुपए आंकी गई है। इस तरह कुल जब्ती का मूल्य करीब 3 करोड़ रुपए बताया गया है।
27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे कुनकुरी पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की बोलेरो पिकअप पर संदेह हुआ। पुलिस ने वाहन को थाने के सामने रोककर तलाशी ली। पिकअप की डाला में सब्जियों की ट्रे के नीचे 6 बोरियां छिपाकर रखी गई थीं। जांच में पीले प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट मिले, जिनमें करीब 246 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन में सवार बिहार के रोहतास जिले के नेकरा निवासी अनवर अंसारी (45) और कैमूर जिले के दादर निवासी दिनेश कुमार केसरी (26) से गांजे के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
नारायणपुर में एमपी की कार में मिला 26 किलो गांजा
इसी दिन करीब 11.30 बजे नारायणपुर पुलिस को सूचना मिली कि मध्यप्रदेश नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार से गांजा ले जाया जा रहा है। नारायणपुर चौक पर घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की से 17 पैकेटों में 26 किलो गांजा मिला। मौके से शिवपुरी, मध्यप्रदेश निवासी कमल किशोर ओझा (56) और अनिता सोनी (35) को गिरफ्तार किया गया। गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई।
ओडिशा से यूपी तक फैले नेटवर्क की जांच
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात बताई है। अब जशपुर पुलिस सप्लाई चेन की कड़ी जोडऩे में जुटी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि ओडिशा में गांजा किससे खरीदा गया, इसे छत्तीसगढ़ तक किस रास्ते से लाया गया और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। सप्लायर और संभावित खरीदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। तीनों मामलों में कुल 520 किलो गांजा और तीन वाहन जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(द्बद्ब)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फरार चालक की तलाश के साथ ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार में 248 किलो गांजा बरामद
कुनकुरी क्षेत्र में ही पुलिस को बिना नंबर की एक सोल्ड सेल्टोस कार तेज रफ्तार में गुजरती दिखाई दी। संदेह के आधार पर पुलिस ने पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक सालियाटोली के पास कार छोडक़र अंधेरे में फरार हो गया। कार की तलाशी में 20 बैगों के भीतर 120 पैकेट मिले। इनमें करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार और गांजा जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इन दोनों कार्रवाई में कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए गए।



