रायगढ़। जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम अमलीडीहा निवासी धनुर्जय चौहान ने सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। ग्राम बाकारूमा की जानकी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्त राशि से आवास निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया। विनोबा नगर वार्ड क्रमांक 25 के नागरिकों ने शासकीय नजूल भूमि एवं सडक़ क्षेत्र को व्यवस्थित करने तथा आवागमन को सुगम बनाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। छातामुड़ा निवासी किशन कुमार ने कृत्रिम पैर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। वहीं खूंटाकूड़ा निवासी खुशबू राठिया ने पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास में प्रवेश दिलाने के लिए आवेदन दिया।
गोवर्धनपुर रायगढ़ निवासी जयपाल जगबानी ने भूमि विक्रय के लिए आवश्यक बिक्री नकल शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्राम चिरईपानी के ग्रामीणों ने क्षेत्र के बड़े झाड़ के जंगल एवं धरसा रोड को व्यवस्थित कर आवागमन को सुगम बनाने की मांग की, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा मिल सके। एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर पात्रता एवं नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
आमजन की समस्याओं रूबरू हुए एडीएम
अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश



