जशपुरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने जशपुर जिले के जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्रों के सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ जनप्रतिनिधि, युवा, स्कूली छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए। पत्थलगांव में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व विधायक और सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने किया। यात्रा के समापन पर उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज करोड़ों भारतीयों की भावनाओं और राष्ट्रगौरव से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिए नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। जशपुर नगर में विधायक रायमुनी भगत के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के लिए राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। यह देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को जानने और राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की। जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान के अनुसार, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह रहा। इस दौरान बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नागरिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
भाजपा की तिरंगा यात्रा : राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा
तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मंडलों में निकली यात्रा



