रायगढ़। जिले में देशी और अंग्रेजी शराब दुकानों में सुरक्षा और कर्मचारियों की व्यवस्था का काम ईगल हंटर सॉल्यूशंस के पास है। आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से शराब दुकानों में तैनात सुरक्षाकर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर मंगलवार को सभी सुरक्षाकर्मी आबकारी विभाग पहुंचे। उन्होंने जिला सहायक आबकारी अधिकारी को आवेदन देकर जल्द वेतन दिलाने की मांग की।
जिले में कुल 37 शराब दुकानें संचालित हैं। इनमें 2 प्रीमियम, 15 कंपोजिट, 9 देशी और 11 अंग्रेजी शराब की दुकानें हैं। हर दुकान में दो सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जो दिन और रात की ड्यूटी करते हैं। सुरक्षाकर्मियों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है। कई कर्मचारियों को घर का खर्च चलाने के लिए दूसरों से उधार लेना पड़ रहा है। आबकारी विभाग को दिए आवेदन में सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि वे सभी ईगल हंटर प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी हैं। उनका कहना है कि कंपनी के काम संभालने के बाद से ही वेतन समय पर नहीं मिल रहा है। उन्होंने मांग की है कि हर महीने वेतन देने की एक निश्चित तारीख तय की जाए और उसी दिन भुगतान किया जाए।
एक माह का वेतन मिला
सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि उन्हें तीन महीने तक वेतन नहीं मिला था। कंपनी से वेतन की मांग करने के बाद एक महीने का वेतन दिया गया। इसके बाद जून और जुलाई का वेतन फिर रोक दिया गया। सुरक्षाकर्मियों ने जब इसकी शिकायत जिला आबकारी अधिकारी से की, तो मंगलवार शाम को एक महीने का वेतन दिया गया। हालांकि, अभी भी एक महीने का वेतन बाकी है। समय पर वेतन नहीं मिलने से सुरक्षाकर्मियों को परिवार का खर्च चलाने में परेशानी हो रही है।



