बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल यात्रियों को आधुनिक डिजिटल सेवाओं से जोडऩे के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मंडल वाणिज्य विभाग द्वारा ‘रेलवन ऐप’ की उपयोगिता को आमजन तक पहुँचाने हेतु निरंतर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज बिलासपुर स्थित आर्यभट्ट कोचिंग सेंटर में मंडल वाणिज्य विभाग के पर्यंवेक्षकों व स्पेशल टीम द्वारा एक विशेष प्रचार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के पर्यवेक्षकों ने छात्र-छात्राओं को ‘रेलवन ऐप’ की विशेषताओं एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा अपने मोबाइल में इंस्टॉल करने तथा इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपने मोबाइल में इसे डाऊनलोड किया तथा इसे अत्यंत लाभकारी बताया। इस दौरान बताया गया कि ‘रेलवन ऐप+ यात्रियों को एक ही मंच पर कई महत्वपूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराता है, जिनमें आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, पीएनआर स्थिति की जानकारी, ट्रेन की लाइव लोकेशन, रेल मदद के माध्यम से शिकायत एवं सुझाव दर्ज करने, ऑनलाइन केटरिंग सुविधा सहित रेलवे की अनेक डिजिटल सेवाओं का लाभ शामिल है। साथ ही रेलवन ऐप के माध्यम से सभी स्वीकृत डिजिटल भुगतान विकल्पों से अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत तक की छूट भी प्रदान की जा रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को तेज, पारदर्शी एवं सुरक्षित डिजिटल सेवाएँ प्राप्त होती हैं, जिससे उनकी यात्रा और भी सहज एवं आरामदायक बनती है। हमारा लक्ष्य है अधिक से अधिक यात्री इस ऐप का उपयोग करें तथा डिजिटलीकरण के लाभ उठाकर रेलवे की सेवाओं का आसानी से लाभान्वित हों।



