रायगढ। विगत दिनों मां शिवा स्टील प्लांट में इंडक्शन फर्नेस में बायलिंग होने से पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिससे दो श्रमिकों की स्थिति गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान दो श्रमिकों की मौत हो गई है। वहीं तीन श्रमिकों की अभी उपचार चल रहा है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार विगत चार दिन पहले पंूजीपथरा थाना क्षेत्र में स्थित मां शिव स्टील प्लांट में प्रतिदिन की तरह काम में लगे हुए थे, इसी दौरान अचानक इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग हो गया, जिससे वहां पर काम कर रहे प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, गुड्डू कुमार चतूर यादव और शनिराम राठिया गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही अन्य श्रमिकों ने इसकी सूचना प्लंाट मालिक को देते हुए सभी पांचों घायलों को उपचार के लिए जिंदल फोर्टिस लेकर आए, जहां भर्ती कर उपचार किया जा रहा था, लेकिन इस दौरान प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की स्थिति गंभीर होने पर उसी दिन रायपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था। ऐसे में बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की मौत हो गई। वहीं जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती श्रमिक गुड्डू कुमार, चतुर यादव और शनिराम राठिया की भी स्थिति गंभीर बनी हुई है, इससे उनका इलाज चल रहा है।
जांच के बाद प्लांट मालिक पर जुर्म दर्ज
उल्लेखनीय है कि उक्त घटना होने के बाद पूंजीपथरा पुलिस और औद्योगि स्वास्थ्य, सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची थी, जहां घटना स्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच में अनियमितता पाए जाने पर प्लांट मालिक पर और मैनेजर पर मामला भी दर्ज किया है।



