रायगढ़। अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था विप्र फाउंडेशन के महिला प्रकोष्ठ रायगढ़ जिला की कमान एक बार फिर अनुभवी और कर्मठ नेतृत्व को सौंपी गई है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर श्रीमती बीना कैलाश शर्मा एवं महामंत्री पद पर श्रीमती श्वेता नीरज शर्मा को पुन: दायित्व प्रदान किया है।
मिला पुन: अवसर
राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने अध्यक्ष बीना शर्मा के सौम्य व्यवहार, कार्य कुशलता और कुशल नेतृत्व को देखते हुए उन्हें दोबारा अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा। वहीं महामंत्री श्वेता शर्मा की शानदार कार्यशैली और संगठन क्षमता के कारण उन्हें भी पुन: महामंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई। महामंत्री श्वेता शर्मा ने बताया कि विप्र फाउंडेशन सर्व ब्राह्मण समाज की एक प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था है। इसकी स्थापना वर्ष 2009 में संस्थापक सुनील ओझा द्वारा की गई थी। संस्था का उद्देश्य ब्राह्मण समाज का सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सामुदायिक उत्थान है। एकता और भाईचारे के संदेश के साथ संस्था द्वारा निरंतर सेवा कार्य किए जाते हैं।वहीं आज पूरे छत्तीसगढ़ में विप्र फाउंडेशन जिला रायगढ़ – जोन 13 अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण अग्रणी स्थान पर है।
हम समर्पण के साथ काम करेंगे
नई जिम्मेदारी पुन: मिलने पर अध्यक्षा श्रीमती बीना शर्मा ने कहा हम पूर्व से भी अधिक मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करेंगे और अपने समाज को गौरवान्वित करेंगे। वहीं महामंत्री श्वेता नीरज शर्मा ने कहा अध्यक्ष बीना शर्मा जी ने तन-मन-धन से पिछले दो वर्ष बहुत ही शानदार ढंग से पूरे किए हैं। उनके नेतृत्व में आगे के दो वर्ष भी हम इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। वहीं उन्होंने इस सफलता के लिए समस्त विप्र सदस्यों की टीम को हृदय से धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में सभी विप्र सदस्यों ने नए कार्यकाल के लिए पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।



