खरसिया। कैलाश शर्मा। प्रतिभा सुविधाओं है हम किसी परिचय की मोहताज नहीं होती इस कहावत को एक बार फिर सच कर दिखाया है खरसिया क्षेत्र के वनांचल व आदिवासी बाहुल्य ग्राम बरभौना के होनहार छात्र रोहन कुमार राठिया ने विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद रोहन ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट में 408 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बरभौना ग्राम, बल्कि संपूर्ण खरसिया क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है। ?रोहन कुमार राठिया, पिता पुरुषोत्तम राठिया एवं माता श्रीमती रथोभाई राठिया के सुपुत्र हैं। वे शुरू से ही कुशाग्र बुद्धि के रहे हैं और डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने का सपना देखते आए हैं।
रोहन की इस गौरवमयी सफलता की सूचना मिलते ही खरसिया के जननेता एवं छाया विधायक महेश साहू अपने समर्थकों के साथ सीधे ग्राम बरभौना पहुंचे। उन्होंने रोहन को पुष्पगुच्छ गुलदस्ता भेंट कर और फूल-माला पहनाकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। छाया विधायक महेश साहू ने कहा कि आदिवासी अंचल के एक छोटे से गांव बरभौना से निकलकर नीट जैसी कठिन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता पाना कोई साधारण बात नहीं है। रोहन ने यह साबित कर दिया है कि अगर दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। वे क्षेत्र के सैकड़ों अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हैं। अपनी इस स्वर्णिम सफलता पर खुशी जताते हुए रोहन कुमार राठिया ने इसका श्रेय अपनी निरंतर मेहनत, माता-पिता के त्याग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और शुभचिंतकों के प्रोत्साहन को दिया है। रोहन ने कहा कि उनका लक्ष्य एक कुशल चिकित्सक बनकर ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में नि:शुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं देना है।
क्षेत्र के गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
इस गरिमामय प्रोत्साहन कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोज राठौर, हितेश सोनू द्विवेदी, देवीनाथ पटेल, कैलाश शर्मा, संतोष राठिया (बीडीसी), नितेश बरेठ, लोचन महंत सहित भारी संख्या में ग्रामीण, परिवार के सदस्य एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में रोहन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके परिजनों को बधाई दी।



