खरसिया। कैलाश शर्मा। स्थानीय श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल में छात्र नेतृत्व, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निवेश इन्वेस्टिचेर समारोह 2026 का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सुमधुर सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस गौरवमयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओपी प्रभात पटेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ जननेता छाया विधायक महेश साहू, अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि हितेश सोनू द्विवेदी, बीडीसी पंकज महिपाल, प्रवक्ता कैलाश शर्मा उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की ली शपथ
समारोह के मुख्य आकर्षण में विद्यालय की नव-निर्वाचित स्टूडेंट काउंसिल के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रहा। नवनिर्वाचित छात्र नेताओं को अतिथियों द्वारा आधिकारिक बैज और सैश प्रदान किए गए। इसके पश्चात, सभी पदाधिकारियों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
अतिथियों के प्रेरणादायी संदेश
मुख्य अतिथि प्रभात पटेल (एसडीओपी) उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि, एक सच्चा नेता वही होता है जो अनुशासन, ईमानदारी और सेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। पद केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति एक सजग नागरिक बनने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि महेश साहू उन्होंने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच ही जीवन में सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के स्कूल के इस अनूठे प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विद्यालय की प्राचार्य सुश्री बी. हर्षिता ने गरिमामयी उपस्थिति के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं प्रबुद्ध जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों के भीतर नेतृत्व, उत्तरदायित्व, अनुशासन और टीम भावना का संचार होता है। उन्होंने नवनिर्वाचित छात्र परिषद को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनसे विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उत्साह और गरिमापूर्ण रहा माहौल
शिक्षकों और विद्यार्थियों के कुशल समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि हितेश सोनू द्विवेदी, बीडीसी पंकज महिपाल, प्रवक्ता कैलाश शर्मा एवं भारी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशप्रेम, उत्साह और कड़े अनुशासन के रंग में रंगा नजर आया, जिसने इस आयोजन को लंबे समय तक याद रखे जाने योग्य बना दिया।



