रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक गंभीर हादसा हुआ। नेशनल हाईवे-49 पर ग्राम कुनकुनी के पास एक तेज रफ्तार, अनियंत्रित ट्रेलर सडक़ किनारे स्थित एक मकान में जा घुस गया, हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनजानित नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम कुनकुनी निवासी विष्णु राठिया पिता स्व. पिंगेलाल राठिया का मकान नेशनल हाईवे-49 के बिल्कुल किनारे है। मंगलवार सुबह सडक़ से गुजर रहे एक हाईवा के चालक ने तेज व लापरवाही से वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया और वहन को सीधे मकान में घुसा दिया। इससे मकान का एक बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि मकान के अंदर मौजूद लोग समय रहते बच गए और इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन को वहां से हटवाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार प्राय: बहुत अधिक रहती है, जिसके कारण ऐसे हादसे होते रहते हैं। कभी राहगीर इनकी चपेट में आ जाते हैं तो कभी वाहन सडक़ किनारे बने मकानों में घुस जाते हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
तेज रफ्तार ट्रेलर हाईवे किनारे मकान में घुसा



