रायगढ़। जिले में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। छाल पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के लोहे का स्क्रैप ले जा रहे एक ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने करीब 22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि, हाटी क्षेत्र से एक महिंद्रा 6 चक्का ट्रक भारी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लेकर छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही छाल पुलिस ने बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो तिरपाल के नीचे बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप, एंगल, टीन और अन्य कबाड़ सामग्री मिली। पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम तौफिक खान (19) निवासी कोरबा बताया। पुलिस ने जब स्क्रैप के परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका और जवाब टालने लगा। इसके बाद पुलिस ने पूरे माल को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया।
पुलिस ने करीब 8.5 टन लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपए है और करीब 20 लाख रुपए कीमत का महिंद्रा 6 चक्का ट्रक जब्त किया। कुल 22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अवैध कबाड़ कारोबार पर जारी रहेगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, अवैध कबाड़ का कारोबार चोरी और औद्योगिक संपत्तियों से जुड़े अपराधों को बढ़ावा देता है। ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जाएगी और बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
8.5 टन स्क्रैप से भरा ट्रक पकड़ाया
बिना दस्तावेज कबाड़ लेकर जा रहा था ट्रक, 22 लाख की संपत्ति जब्त



