रायगढ़। पहली बारिश के बाद शहर के कई जगह की सडक़ों पर पानी भर गया। गंधरी पुलिया में नाले का गंदा पानी बह रहा था, तो गोपी टाकीज रोड पर भी चलना मुश्किल था। ऐसे में नगर निगम में आयुक्त ने बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक ली। जहां जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने व लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
बैठक में निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शहर के संवेदनशील व जलभराव संभावित क्षेत्रों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। आयुक्त ने पैठूडबरी, नवापारा, चिरंजीवी दास नगर, रामभाठा, बेलादुला खेतपारा, बैजनाथ मोदी नगर, तेन्दूडिपा खेतपारा, शिवम् विहार, भगवानपुर समेत अन्य जलभराव संभावित क्षेत्रों में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान व बारिश को देखते हुए सभी अधिकारी अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें।
बैठक में आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने सभी सफाई दरोगा, राजस्व अमला और उप अभियंताओं को निर्देशित किया कि मौसम खराब होने व तेज बारिश की स्थिति में चिन्हांकित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही लगातार जलभराव की स्थिति पर नजर बनाए रखेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेंगे।
कच्ची नाली का निर्माण, अतिक्रमण पर करें करवाई
आयुक्त ने सभी इंजीनियरों को निर्देश दिए कि मंगलवार शाम को हुई पहली बारिश के दौरान जिन स्थानों पर पानी भरने की स्थिति निर्मित हुई है। उनका तत्काल निरीक्षण व आंकलन करें। उन्होंने कहा कि चिन्हांकित सभी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए आवश्यकतानुसार कच्ची नालियों का निर्माण, पानी निकासी की व्यवस्था व अवरोध उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



