रायगढ़, विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर आज हमर अस्पताल, शहरी स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा रायगढ़ में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व सिकल सेल दिवस की थीम ‘जीवन रक्षा के अंतर को कम करना, सिकल सेल रोग में समानता’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य सिकल सेल रोग से प्रभावित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्थानीय एवं वैश्विक स्तर पर सहयोग और जागरूकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान शहरी स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा में 40 वर्ष से कम आयु के लोगों का सिकल सेल परीक्षण किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को रोग के कारणों, लक्षणों, बचाव एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि सिकल सेल रोग मुख्य रूप से एक अनुवांशिक बीमारी है, जो माता-पिता से बच्चों में स्थानांतरित हो सकती है। ऐसे में विवाह पूर्व अनुवांशिक परामर्श तथा समय पर स्वास्थ्य परीक्षण इस बीमारी की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सिकल सेल रोग के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय परामर्श, नियमित जांच और उचित देखभाल से रोगियों के स्वास्थ्य में सुधार संभव है। साथ ही लोगों से इस बीमारी के प्रति जागरूक रहने और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सोनाली मेश्राम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. काकोली पटनायक, स्थानीय मितानिनों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अस्पताल के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विश्व सिकल सेल दिवस के आयोजन के माध्यम से लोगों को इस गंभीर अनुवांशिक बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच, परामर्श और उपचार के महत्व का संदेश दिया गया।



