रायगढ़, कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 160.580 लीटर विदेशी मदिरा एवं महुआ शराब जब्त की है। सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टोफर खलखो ने बताया कि आबकारी वृत्त रायगढ़ (दक्षिण) की टीम ने 18 जून को नवापारा निवासी नोमेश साहू के कब्जे से 31 पाव गोवा व्हिस्की, कुल 5.580 लीटर विदेशी मदिरा बरामद की। मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 एक्यू 7741 को भी जब्त किया गया। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण क्रमांक 28/2026-27 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसी प्रकार आबकारी वृत्त रायगढ़ (उत्तर) द्वारा नंदेली निवासी लाकेश्वर निषाद के कब्जे से 15 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। इस संबंध में प्रकरण कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंगुरसिया तालाब के किनारे दबिश देकर 140 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। सहायक आयुक्त आबकारी श्री खलखो ने कहा कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



