नवामुड़ा/लमडांड। शिक्षा के प्रति जागरूकता, बच्चों के उत्साह और जनसहभागिता का अनुपम संगम उस समय देखने को मिला, जब प्राथमिक शाला नवामुड़ा में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान, अभिभावकों के उत्साह और अतिथियों के प्रेरणादायी संदेशों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय कंशराम प्रजा, सरपंच ग्राम पंचायत लमडांड उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि माननीय चमरा राम प्रधान, पी.आर. सतपथी एवं बी.एम. सदावर्ती रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला विकास समिति के अध्यक्ष जोसफ बड़ा ने की। मंच संचालन विद्यालय के प्रधान पाठक नन्द किशोर सतपथी द्वारा प्रभावशाली एवं आकर्षक शैली में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं प्रेरणादायी उद्बोधन के साथ हुआ। अतिथियों ने शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया।
इसके पश्चात विद्यालय में अध्ययनरत एवं नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। सभी अतिथियों ने बच्चों को पगड़ी एवं पुष्पमाला पहनाकर, चंदन तिलक लगाते हुए तथा लड्डू खिलाकर उनका अभिनंदन किया। वहीं शाला विकास समिति की उपाध्यक्ष इमरेंसिया बड़ा एवं कमला एक्का ने बच्चों की आरती उतारकर उनका स्वागत किया। यह दृश्य उपस्थित जनसमुदाय के लिए अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायी रहा। विद्यालय के विद्यार्थियों को शासन द्वारा प्रदत्त नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरित किए गए। साथ ही प्रधान पाठक नन्द किशोर सतपथी द्वारा विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, टाई, बेल्ट एवं बैज प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं की गईं। कार्यक्रम के दौरान शाला विकास समिति की ओर से सभी विद्यार्थियों, अतिथियों एवं पालकों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया। खीर एवं पूड़ी के स्वादिष्ट प्रसाद का सभी ने मिलकर आनंद लिया, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता और अपनत्व का वातावरण और भी प्रगाढ़ हो गया।
इस अवसर पर संकुल शैक्षिक समन्वयक दयाराम बेहरा की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक शिक्षक वेद प्रकाश डनसेना की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम में शिक्षाविद् सेम खलखो, पंच वंदना खलखो, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जसिंता किंडो, स्वास्थ्य मितानिन, शाला विकास समिति के सदस्य, पालकगण एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों, पालकों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बच्चों के उत्साह, पालकों की सहभागिता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण के साथ यह शाला प्रवेश उत्सव नवामुड़ा के शैक्षणिक इतिहास में एक यादगार एवं प्रेरणादायी आयोजन बन गया। जहाँ शिक्षा का सम्मान होता है, वहीं से उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होता है।
प्राथमिक शाला नवामुड़ा में शाला प्रवेश उत्सव बना यादगार



