रायगढ़. शहर में हुए लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। जिसमें जोगीडीपा क्षेत्र के दो बदमाश युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश कुमार सारथी उर्फ सन्नी और शाहीद सारथी के रूप में हुई है जो 10 जून की रात अलग-अलग स्थानों पर दो व्यक्तियों से लूटपाट की घटनाओं को अंजमा दिए थे।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सीटी कोतवाली थाना क्षेत्र के चांदमारी निवासी किशन साहू (27 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि 10 जून की रात वह अपने मित्र समीर यादव के साथ बाइक से केवड़ाबाड़ी से मधुबनपारा जा रहा था। रात करीब 10 बजे जोगीडीपा गंगाराम तालाब के पास पहुंचा था तभी सन्नी सारथी और शाहीद सारथी ने उसका रास्ता रोकते हए गाली-गलौज कर किशन की जेब से 200 रुपये जबरन निकाल लिए और उसकी बाइक भी छीन लिया। वहीं जब पीडि़त किशन साहू ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट भी की। इस दौरान सन्नी सारथी ने चाकू से हमला किया और किशन की मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। दूसरी घटना में युवक अभिषेक नागराज (25 वर्ष) निवासी इंदिरानगर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि 10 जून की रात लगभग 11.45 बजे वह केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से अपने घर लौट रहा था। घर के पास गली में सन्नी सारथी और शाहीद सारथी ने चाकू दिखाकर पैसों की मांग की। पैसे नहीं होने पर दोनों ने अभिषेक से मारपीट की और उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। ऐसे में एक ही रात में दो-दो घटनाओं की शिकायत मिलने पर पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया। वहीं इस घटनाओं को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। इससे कोतवाली पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो दोनों ने लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। जिससे सन्नी उर्फ प्रकाश सारथी पिता सियाराम सारथी (25 वर्ष) निवासी जोगीडीपा और शाहीद सारथी पिता रामेंद्र सारथी (18 वर्ष) निवासी जोगीडीपा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
लूट की रकम बरामद
पुलिस ने आरोपियों के बयान दर्ज करते हुए प्रकाश सारथी के निशानदेही से घटना में प्रयुक्त चाकू व लूटी गई बाइक तथा शाहीद सारथी से लूटा गया मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इन आरोपियों के गिरफ्तारी में कोतवाली प्रभारी सुखनंदन पटेल, प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक उत्तम सारथी, आरक्षक प्रताप बेहरा, मुरली पटेल, भगवती रत्नाकर की भूमिका रही।
चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
लूटी गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त



