खरसिया। खरसिया नगर वासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर पालिका परिषद खरसिया में पेयजल की समस्या के स्थायी समाधान और नगर के अधोसंरचना विकास के लिए राज्य शासन ने हरी झंडी दे दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत सरकार द्वारा 4 करोड़ 82 लाख 47 हजार रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस भारी-भरकम राशि से शहर की बुनियादी सुविधाओं का कायाकल्प किया जाएगा। ?शासन से मिली इस राशि का बड़ा हिस्सा पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने में खर्च होगा। योजना के तहत खरसिया नगर में तीन नए उच्च स्तरीय पानी टंकी (ओवरहेड टैंक), संपवेल का निर्माण और इंटेकवेल पहुंच मार्ग का काम कराया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग का लक्ष्य है कि आगामी गर्मी की शुरुआत से पहले इन टैंकों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि तेज धूप और गर्मी के दिनों में भी नगरवासियों को पर्याप्त और सुचारु रूप से पीने का पानी मिले और पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
सडक़ों और नालियों का भी होगा कायाकल्प ?
पेयजल के साथ-साथ यह बजट नगर विकास और नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा। राशि के जरिए शहर के विभिन्न वार्डों में ?सी.सी. रोड (कंक्रीट सडक़) आर.सी.सी. नाली का होगा निर्माण आवागमन को सुगम बनाने के लिए मजबूत सडक़ों का निर्माण होगा। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए आधुनिक और पक्की नालियों का जाल बिछाया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष ने जताया आभार
इस बड़ी सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री कमल गर्ग ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
?श्री गर्ग ने कहा, यह स्वीकृति खरसिया के चहुंमुखी विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि समय सीमा के भीतर सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, जिससे जनता को सीधे इसका लाभ मिल सके। इस विकास कार्य की मंजूरी से स्थानीय नागरिकों में हर्ष का माहौल है, क्योंकि इससे सालों पुरानी पानी की किल्लत और बदहाल रास्तों की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।



