रायगढ़। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा ‘रक्षा अलंकरण समारोह’ में असम राइफल्स के जवान, छत्तीसगढ़ निवासी श्री भोजराम साहू को भारत-म्यांमार सीमा पर अदम्य साहस, पराक्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने के लिए प्रतिष्ठित शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने पर वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ ओपी चौधरी ने हृदय से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा भोजराम साहू जी ने कठिन और दुर्गम सीमा पर देश की सुरक्षा के लिए जो वीरता दिखाई है, वह हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का विषय है। उनकी बहादुरी, निष्ठा और मातृभूमि के प्रति समर्पण हमारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। ओपी ने कहा कि यह कहा जाता है ‘वीर भोग्या वसुंधरा’। भोजराम जी ने यह सिद्ध कर दिया कि छत्तीसगढ़ की माटी में जन्मा हर बेटा देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। कठिन परिस्थितियों में दुश्मन का सामना करते हुए उन्होंने कर्तव्य को धर्म माना और राष्ट्र को सर्वोपरि रखा। ईश्वर से प्रार्थना करता हुए ओपी ने कहा भोजराम साहू जी सदैव स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और ऐसे ही देश की सेवा में अपना पराक्रम दिखाते रहें। छत्तीसगढ़ सरकार और रायगढ़ की जनता आपके शौर्य को नमन करती है।



