रायगढ़। जिले में भीषण गर्मी के बीच एक हाथी का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह गर्मी से राहत पाने के लिए पानी की टंकी के पास पहुंचकर नहाता नजर आ रहा है। हाथी अपनी सूंड में पानी भरकर बार-बार शरीर पर छिडक़ता रहा। हाथी ट्रैकर्स ने इसका वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह वीडियो रविवार का बताया जा रहा है। रायगढ़-ओडिशा बॉर्डर के पास बंगुरसिया पूर्व सर्किल के बरकछार बीट क्षेत्र में हाथी किसानों के खेत में बनी पानी की टंकी तक पहुंच गया। बंजारी मंदिर के पास स्थित टंकी में हाथी ने पहले पानी पिया, फिर काफी देर तक खड़े होकर नहाता रहा। शाम ढलने के बाद वह जंगल के रास्ते बंगुरसिया सर्किल के घने जंगल की ओर लौट गया।
सोमवार को भी हाथी बरझरिया पारा के पास बनी एक अन्य पानी की टंकी तक पहुंच गया। यहां भी वह काफी देर तक मौजूद रहा। इस दौरान हाथी ट्रैकर्स और वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी करती रही। रात के समय हाथी चक्रधरपुर-नवागांव क्षेत्र की ओर निकल गया। नवागांव में किसान कृपा सिंधु के खेत में पहुंचकर उसने धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया। वन विभाग के अनुसार फिलहाल हाथी कक्ष क्रमांक 915 के जंगल क्षेत्र में विचरण कर रहा है।
वन विभाग ने गांवों में कराई मुनादी
बंगुरसिया पूर्व सर्किल की प्रभारी प्रेमा तिर्की ने बताया कि, हाथी अकेला है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है। ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी गई है।
पानी टंकी के पास पहुंचा गजराज, गर्मी से बचने करता रहा प्रयास



