सारंगढ़। सारंगढ़ क्षेत्र के तिलाईपाली के पास एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक बाइक सहित सडक़ पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान ग्राम पिकरीपाली निवासी सतीश कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सतीश कुमार सरसीवा से अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाकर काम के सिलसिले में सारंगढ़ आ रहा था। इसी दौरान तिलाईपाली के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तत्काल बिलासपुर रेफर कर दिया है।



