रायगढ़। जिले में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लकडिय़ों से भरे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई के दौरान ड्राइवर वाहन छोड़ उसकी चाबी लेकर मौके से फरार हो गया। मामला छाल वन परिक्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात वन विभाग को सूचना मिली थी कि नवापारा बाईपास मार्ग से भारी मात्रा में अवैध लकडिय़ों की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचता देख ट्रक चालक वाहन की चाबी लेकर फरार हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने ट्रक की तलाशी ली। जांच में ट्रक में सेमल समेत अन्य प्रजातियों की बड़ी मात्रा में लकडिय़ां लोड मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक जब्त लकडिय़ों की कीमत करीब 5 लाख रुपए से अधिक आंकी जा रही है। ट्रक को जब्त कर थाना परिसर लाया गया है। फिलहाल वाहन मालिक और लकडिय़ों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
दस्तावेज नहीं मिलने पर होगी कार्रवाई
छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि, संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। अभी वाहन मालिक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि वाहन और लकडिय़ों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो पंचनामा कार्रवाई के बाद वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी रायगढ़ जिले में अवैध लकडिय़ों से भरे ट्रकों पर कार्रवाई हो चुकी है। रायगढ़ उडऩदस्ता टीम द्वारा घरघोड़ा और रायगढ़ रेंज में कई बार लकड़ी तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। लगातार सामने आ रहे मामलों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि जिले में लकड़ी तस्करों का नेटवर्क अब भी सक्रिय है।
अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, वाहन छोडक़र भागा ड्राइवर
वन, पुलिस और राजस्व विभाग ने की संयुक्त कार्रवाई



