रायगढ़। मातृ दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने अपनी माँ को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए भावनात्मक संदेश साझा किया। श्री चौधरी ने कहा मेरे जीवन की शुरुआत बहुत साधारण परिस्थितियों से हुई थी। न कोई विशेष डिग्री थी, न सुविधाएं। पर मेरे पास मेरी माँ का अटूट प्रेम, संकल्प और विश्वास था, जिसने मुझे हर कठिनाई से लडऩे की ताकत दी। माँ ही वह शक्ति थीं, जिन्होंने मुझे कभी हार मानने नहीं दी। उन्होंने बताया कि पिता के निधन के बाद परिवार के सामने अनुकंपा नियुक्ति का विकल्प था, लेकिन माँ ने उन्हें उस रास्ते पर चलने के बजाय बड़े सपने देखने और लक्ष्य ऊंचा रखने की प्रेरणा दी। माँ का यह निर्णय उनके जीवन का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ। उस दिन समझ आया कि माँ केवल परिवार की देखभाल करने वाली नहीं होती, बल्कि बच्चों के भविष्य को आकार देने वाली सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति होती है। आज मैं जो कुछ भी हूँ, वह माँ के सपनों, त्याग और आशीर्वाद का परिणाम है। वित्त मंत्री ने चौधरी ने प्रदेश और देश की सभी माताओं को नमन करते हुए मातृ दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा,जय मातृ शक्ति केवल नारा नहीं, जीवन की सबसे बड़ी सच्चाई है। माँ वह शक्ति है जो हर तूफान में ढाल बनकर अपने बच्चों की रक्षा करती है।उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने माता-पिता के त्याग और संघर्ष को समझें और उनके सपनों को सम्मान दें।



