खरसिया। खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि ये ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। इसी उद्देश्य के साथ खरसिया ब्लॉक के ग्राम बसनाझर में एक भव्य क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
?इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में खरसिया के छाया विधायक महेश साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर और पिच पर हाथ आजमाकर की गई। ?फाइनल में गोरपार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 151 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में पेंड्रावा टीम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मात्र 5 ओवर 3 गेंद में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में कुल 48 टीमों ने भाग लिया। विजेता पेंड्रावा को 15 हजार रुपये और उपविजेता गोडपार को 7 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि छाया विधायक महेश साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बसनाझर और आसपास के क्षेत्रों से आए खिलाडिय़ों के खेल कौशल को देखकर उनकी जमकर सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा सीमित संसाधनों के बावजूद जिस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं, वह काबिले तारीफ है। खेल को केवल हार-जीत की दृष्टि से न देखकर आपसी भाईचारे और खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने आगे कहा कि वह खेल और खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने के लिए सदैव तत्पर हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीण स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि यहाँ के युवा आगे चलकर राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। फाइनल मैच के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।
मुख्य अतिथि ने खिलाडिय़ों को अनुशासन और निरंतर अभ्यास का महत्व समझाया। स्थानीय युवाओं और खेल समिति ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ?इस अवसर पर बीडीसी चितावर सिंदार, मंडल महामंत्री लोकेश्वर चौहान, हितेश द्विवेदी, पूनम पटेल, राजू दर्शन, गंगे साहू, नेत राम चौहान सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी ग्रामीण उपस्थित थे। प्रतियोगिता के फाइनल मैच में खिलाडिय़ों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसका दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।
बसनाझर में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, मुख्य अतिथि महेश साहू ने किया खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन
पेंड्रावा टीम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए जीता फाइनल मुकाबला



