सारंगढ़। अभामा महिला सम्मेलन की सारंगढ़ शाखा द्वारा मदर्स डे के अवसर पर आशा वृद्ध आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष उमा छपारिया के निर्देश एवं शाखा अध्यक्ष मधु केजरीवाल के मार्गदर्शन में वृद्धाश्रम की मातृशक्ति के साथ समय बिताकर उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साडिय़ां, आम एवं केला वितरित किया गया। माम सम्मेलन की महिलाओं ने वृद्धाश्रम में मौजूद माताओं के साथ बैठकर आत्मीय पल साझा किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मधु केजरीवाल ने कहा कि मां शब्द अनंत है,जिसे परिभाषित कर पाना हर किसी के लिए कठिन है। मां की ममता व स्नेह जीवन भर संबल प्रदान करता है। उनकी छांव में हर व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। मां द्वारा दी गई शिक्षा बच्चों के लिए किसी अमूल्य पूंजी से कम नहीं होती।
कार्यक्रम में शशीकला अग्रवाल ने कहा कि – धरती पर साक्षात चमत्कार है मां, ममता का अर्थ संसार है मां, सम्मान जिसका शब्दों से हर रिश्ते में सबसे खास है मां, अगाध अटूट और अपार प्रेम की पहचान, ईश्वर का सबसे सुंदर वरदान है मां। श्रीमती शीला अग्रवाल ने कहा कि – एक मां घर की देखरेख करती है बिना किसी छुट्टी के पूरी जिंदगी काम करती है। मां अपना संपूर्ण जीवन बच्चों के लिए समर्पित कर देती है, यदि हम अपनी मां को उसकी सेवाओं के लिए कोई उपाधि देना चाहे तो पूरी दुनिया के संग्रहालय में ऐसी उपाधि ढूंढे नहीं मिलेगी। बबीता केडिया ने बताया कि मेरी मां का वह प्रेम वह अपनापन मेरे टूटे मन को संभालने वाली डोर ही आज मुझे बहुत साहस प्रदान कर रही है। जिससे मैं कहीं लडख़ड़ा नहीं पाऊंगी मां आपके विशाल व्यक्तित्व को मैं शब्दों में बांध सकूं यह मेरे बस की बात नहीं। मां शब्द निसंदेह सभी साहित्यिक कृतियों में सबसे सम्मानित और पूजनीय है।
श्रीमती शिखा अग्रवाल ने कहा कि – जिस घर में मां की सेवा को कर्तव्य और अनुशासन समझा जाता है। वही वास्तविक संस्कार जन्म लेते हैं। ऐसे बेटे जो अपने मन की थकान दूर करने चंद्र मिनट भी उसके पैरों को दबाते हैं, वह सारे तीर्थ का पुण्य रोज घर बैठे ही प्राप्त कर सकते हैं। मुझे तो ऐसे लगता है जैसे मां की त्याग और बलिदान पर लिखते लिखते पूरी लाइब्रेरी भर जाएगी पर उसकी भूमिका का समुद्र फिर भी छल छलाता ही रहेगा। कार्यक्रम में मधु केजरीवाल, शशि कला अग्रवाल, शीला अग्रवाल बबीता केडिया, सुमन केजरीवाल, शिखा अग्रवाल, मधु केडिया, दीक्षा केडिया की उपस्थित रही।महिलाओं ने भी मातृत्व के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा वृद्धजनों के साथ स्नेह और सम्मान के साथ समय बिताया। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाली वृद्ध माताओं के द्वारा इन्हें आशीर्वाद के साथ साधुवाद ज्ञापित किया।
वृद्धाश्रम में अभामा महिला सम्मेलन ने मनाया मदर्स डे



