रायगढ़। जिले में विगत दो दिनों से शाम अंधड के साथ बूंदा-बांदी होने के कारण गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है, ऐसे में अभी अगले पांच दिनों तक चक्रवात का असर रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिससे अधिकतम तापमान में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
उल्लेखनीय है कि जिले में विगत माह भर से तेज धूप होने के कारण अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे पूरा जिला लू के चपेट में आ जाने के कारण इसका असर लोगों के सेहत पर दिखाई देने लगा था। वहीं इस भीषण गर्मी के चलते दोपहर होते तक सडक़ें विरान नजर आने लगी थी। ऐसे में अब विगत दो दिनों से मौसम में बदलाव शुरू हो गया है, जिससे सुबह से लेकर शाम तक तेज धूप तो रात होते ही अंधड व बारिश शुरू हो जा रही है। जिससे तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक था, साथ ही लू का भी असर नहीं था, जिससे काफी हद तक राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि एक पश्चिमी विक्षोभ कश्मीर और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक बना हुआ है। साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश से उत्तर अंदरूनी उड़ीसा तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके चलते मौसम में नमी आने के कारण अंधड़ व बारिश का दौर जारी है। वहीं अगले एक मई तक जिले के अलग-अलग स्थानों पर हल्की वर्षा अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। जिसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगी। जिससे गर्मी से काफी हद तक राहत मिलने की संभवना है।
5 दिनों तक अंधड की संभावना
इस संबंध में मौसम विभाग की माने तो अंधड़ व बुंदाबांदी की चलते पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। जिससे पहले की अपेक्षा एक से दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। वहीं आने वाले पांच दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में अंधड़ व बुदाबांदी की संभावना है।
अंधड़ व बारिश ने भीषण गर्मी से दिलाई राहत



