रायगढ़। एक बेटे ने फावड़े से हमला कर अपनी मां की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपने पिता पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन पिता किसी तरह भागकर अपनी जान बचाया, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के रैरूमाखुर्द निवासी गणपत दास महंत (60 वर्ष) गांव के शिवा पेट्रोल पंप के सामने किराना दुकान संचालित करता है। उसके परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं, जिनमें सबसे छोटा बेटा आर्यन दास महंत (20 वर्ष) है। बताया जा रहा है कि आर्यन अक्सर इस बात से नाराज रहता था कि उसे परिवार में कम महत्व दिया जाता है। ऐसे में शुक्रवार को गणपत, उसकी पत्नी फुलबाई महंत (55 वर्ष) और आर्यन दुकान में ही सोए थे।
शनिवार सुबह शौच से लौटने के बाद आर्यन ने अपनी मां से इसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढऩे पर उसने मां को दुकान के बाहर खींचकर जमीन पर गिरा दिया और घर में रखे फावड़े से गर्दन पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आर्यन अपने पिता गणपत को भी मारने के लिए दौड़ाने लगा, लेकिन गणपत वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
इसके बाद उन्होंने शनिवार को घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी आर्यन दास महंत को हिरासत में ले लिया। साथ ही आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी को सख्त सजा दिलाने का प्रयास
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश में किया गया अपराध जीवनभर का पछतावा बन जाता है, कानून ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई करता है, पुलिस आरोपी को सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेगी।



