रायगढ़। जिले में नाराज पति ने पत्नी के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महिला शराब के नशे में सो रही थी, जब पति ने उसे उठाने की कोशिश की और वह नहीं उठी, तो इसी बात से गुस्से में आकर उसने वारदात को अंजाम दे दिया। मामला रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र का है। दरअसल ग्राम राजकोट अमलझरिया के रहने वाले सुशीला कोरवा (35) ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ग्राम सोखामुड़ा डोंगरीपारा निवासी उनका देवर गणेश कोरवा (30) अपनी पत्नी सुकांति कोरवा (28) के साथ महुआ बीनने के लिए अमलझरिया जंगल गया था। दोनों रात में घर नहीं लौटे। अगले दिन सुबह गणेश अकेले घर आया और बताया कि उसने अपनी पत्नी को पानी लेने के लिए घर भेजा था, उसने यह भी बताया कि उसकी पत्नी तालाब के मेड़ के पास नशे की हालत में सोई हुई थी, जब उसने पत्नी को उठाने की कोशिश की और वह नहीं उठी, तो गुस्से में आकर गणेश ने पास में पड़े बांस के डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। इस वार से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने सच्चाई छिपाने की कोशिश की, लेकिन बाद में गणेश ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



