रायपुर। सडक़ सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। 18 अप्रैल 2026 की रात शहर में चलाए गए सरप्राइज अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 151 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई महज 2 घंटे के भीतर शहर के 9 अलग-अलग स्थानों पर की गई। इस अभियान का नेतृत्व यातायात और प्रोटोकॉल उपायुक्त विकास कुमार ने किया। पुलिस की टीमों ने रात 11 बजे से 1 बजे तक अलग-अलग चेकिंग पॉइंट बनाकर वाहनों की जांच की। ब्रेथ एनालाइजर के जरिए चालकों की जांच की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, साल 2026 में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत अब तक 2456 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। यह आंकड़ा पिछले वर्षों की तुलना में काफी ज्यादा है, जिससे साफ है कि पुलिस इस मामले में जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सडक़ हादसों को रोकना और लोगों की जान बचाना है। नशे में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए, बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, वे शराब पीने के बाद वाहन न चलाएं। यदि किसी कारणवश नशे की स्थिति में हों, तो कैब या अन्य सुरक्षित साधनों का उपयोग करें। साथ ही दोस्तों या परिवार के किसी सदस्य की मदद लेकर सुरक्षित घर पहुंचे। ट्रैफिक विभाग का कहना है कि इस तरह के सरप्राइज चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सडक़ पर अनुशासन बना रहे और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। यातायात नियमों के उल्लंघन और जाम की शिकायतों के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में 350 ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई। बिना लाइसेंस, नो पार्किंग, रॉन्ग साइड जैसे नियम तोडऩे पर चालान काटे गए। जिन चालकों के ई-चालान लंबित थे, उनसे मौके पर ही भुगतान कराया गया, ताकि आगे परेशानी न हो। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चालकों से अपील की है कि जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें, नो पार्किंग में वाहन खड़ा न करें, चौक और लेफ्ट टर्न पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। ई-चालान समय पर जमा करें, नहीं तो असुविधा हो सकती है। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सरप्राइज चेकिंग में फंसे 151 वाहन चालक



