रायगढ़. बीते मंगलवार की शाम को बाजार से लौट रहे करीब 20-25 ग्रामीणों ने एक पिकअप में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे, इस दौरान मोड़ पर अनियंत्रित होकर पिकअप पलट गई, जिससे पिकअप में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उपचार के लिए अस्पताल लेकर जाते समय दो ग्रामीणों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थाना क्षेत्र के गंजपुर के पड़ोसी गांव में मंगलवार को बाजार लगी थी, इससे आसपास गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण बाजार करने पहुंचे थे। ऐसे में बाजार में सामान लेकर गया एक पिकअप चालक ने जब वहां से वापस लौटने लगा तो आसपास गांव के करीब 20-25 महिला-पुरुष उक्त पिकअप में सवार हो गए, ताकि घर पहुंच सके। ऐसे में पिकअप चालक ने वहां से शाम करीब ६ बजे निकला और 6.30 बजे के आसपास गंजपुर और चिंगारी गांव के बीच पहुंचा ही था कि मोड़ में अनियंत्रित होकर पिकअप पलट गई। इससे उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं इस हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। इससे आसपास गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को देते हुए बचाव कार्य शुरू कर दिया। ऐसे में ग्रामीणों ने अपने वाहन से सभी घायलों को लैलूंगा अस्पताल भेजा, जहां उपचार शुरू किया गया। इस दौरान देर रात दो ग्रामीणों की मौत हो गई। इन मृतकों में शीतला बाई यादव 45 वर्ष ग्राम नरियाकछार तथा भूपदेव राम राठिया 50 वर्ष ग्राम नरियाकछार शामिल हैं। ऐसे में बुधवार को लैलूंगा पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है।
क्या कहती है पुलिस
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि उक्त पिकअप चालक सामान लेकर बाजार गया था, जहां से वापस लौटते समय ग्रामीणों ने जबरदस्ती बैठ गए। वहीं अंधेरा होने के कारण मोड में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई हो तो 15 लोगों को गंभीर चोट होने के कारण भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। साथ ही पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



