रायपुर। राजधानी रायपुर में पनीर बनाने वाली दो फैक्ट्रियों पर खाद्य-औषधि विभाग ने छापेमारी कर कार्रवाई की है। यह कार्रवाई गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों के आधार पर की गई है। मौके पर पहुंची टीम ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण शुरू किया। फूड डिपार्टमेंट ने दोनों फैक्टियों से करीब 1060 किलो पनीर जब्त कर जमीन में दबाकर नष्ट किया। टीम ने दोनों जगह से पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। साथ ही मिल्क पाउडर के बोरे और तेल के कई टिन भी जब्त किए गए हैं। दरअसल, रायपुर में खाद्य एवं औषधि विभाग ने रविवार को पनीर की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर कार्रवाई की है। शिकायतों के बाद टीम ने भाटागांव के केएलपी डेयरी एंड प्रोडक्शन में दबिश दी। छापेमारी के दौरान टीम ने फैक्ट्री में साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान फैक्ट्री में गंदगी पाई गई, जिसके बाद डेयरी फैक्ट्री से 540 किलो पनीर जब्त कर नष्ट किया गया। पनीर को नष्ट करने के लिए रायपुर नगर निगम की टीम ने सरकारी जमीन चिन्हित की। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से पनीर को जमीन में दबाकर नष्ट किया गया। साथ ही पनीर बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और तैयार पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर से मिल्क पाउडर के बोरे और बड़ी मात्रा में तेल के टीन भी बरामद किए गए। इन सामग्रियों के इस्तेमाल को लेकर टीम जांच कर रही है कि उनका इस्तेमाल नियमों के अनुरूप हुआ या नहीं। इसी तरह टीम ने उरला के कन्हेरा रोड पर स्थित डेयरी संचालक हिमांशु बंसल के स्छ्व डेयरी प्रोडक्ट में छापा मारा। जांच के दौरान यहां भी गंदगी पाई गई। इसके बाद फूड डिपार्टमेंट ने डेयरी फैक्ट्री से 500 किलो पनीर जब्त कर नष्ट किया। उरला में पनीर फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान खाद्य विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति को संभालने के लिए उरला थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अधिकारियों की मदद की।
अधिकारी दोनों फैक्ट्री मालिकों से पूछताछ कर रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में अनियमितता या मिलावट सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है, रिपोर्ट के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त डोमेन्द्र ध्रुव प्रभारी ने बताया कि फूड एंड ड्रग विभाग ने दीपक कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में छापेमारी की। जांच के दौरान भाटागांव के डेयरी संचालक आदर्श पराशर के केएलपी डेयरी एंड प्रोडक्शन में गंदगी पाई गई, जिसके बाद डेयरी फैक्ट्री से 540 किलो पनीर नष्ट किया गया। इसी तरह उरला के कन्हेरा रोड पर स्थित डेयरी संचालक हिमांशु बंसल के एसजे डेयरी प्रोडक्ट में भी गड़बड़ी मिली। यहां डेयरी फैक्ट्री से 500 किलो पनीर नष्ट किया गया। दोनों जगह से टीम ने पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। साथ ही मिल्क पाउडर के बोरे और तेल के कई टिन भी जब्त किए गए हैं।
खाद्य विभाग ने २ फैक्ट्रियों से 1070 किलो पनीर किया नष्ट
फैक्ट्रियों में भारी गंदगी, मिल्क पाउडर के बोरे और तेल के टिन बरामद



