रायपुर। नेशनल हाईवे-53 पर रायपुर और दुर्ग को जोडऩे वाले कुम्हारी (खारुन नदी) पुल पर 1 अप्रैल से मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। करीब एक महीने तक चलने वाले इस मेंटेनेंस कार्य के दौरान इस मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा। प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस और एनएचएआई ने नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है। ऐसे में लोगों को एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने के लिए करीब 1 घंटा पहले घर से निकलना होगा। मरम्मत कार्य के दौरान पुल के एक हिस्से से ही दोनों दिशाओं का यातायात बारी-बारी से संचालित किया जाएगा। इस ‘वन-वे’ व्यवस्था के चलते पुल पर भारी जाम लगने की आशंका है। पुलिस ने सख्त निर्देश जारी करते हुए चंदनीडीह से कुम्हारी टोल के बीच ओवरटेकिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने एडवायजरी जारी करते हुए कहा है कि यदि आप एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, अस्पताल या किसी परीक्षा के लिए इस रास्ते का उपयोग कर रहे हैं, तो अपने सामान्य समय से कम से कम एक घंटा पहले घर से निकलें। पीक ऑवर्स (सुबह और शाम) में यहां लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकरु ने बताया कि रायपुर और दुर्ग को जोडऩे वाले कुम्हारी ब्रिज पर मरम्मत होनी है। दुर्ग-रायपुर यात्रा करने वाले वाहन चालकों को परेशानी ना हो, इसलिए शनिवार को स्थल का मुआयान किया गया और यात्रियों के आने जाने वाले रास्तों के लिए एडवायजरी जारी की गई है। वाहन चालक परेशानी से बचने के लिए पुलिस की एडवायजरी का पालन करें।
खारुन ब्रिज 1 महीने के लिए रहेगा बंद
एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने के लिए 1 घंटे पहले घर से निकलना होगा



