बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के मंडल सभाकक्ष में 11 मार्च 2026 को प्रात: 11.30 बजे मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) के. श्रीनिवास, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा समिति के सदस्य अखिलेश सोनथालिया (बिलासपुर), जी. रविकुमार (बिलासपुर), अजय कुमार भट्ट (बिलासपुर), अखिल अग्रवाल (कोरबा), अनुज सेन (उमरिया), राकेश गुप्ता (शहडोल), जितेंद्र कुमार गुप्ता (उमरिया), प्रांजल संजय तामस्कर (रायगढ़) तथा विकास कुमार अग्रवाल (बेलपहाड़) के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए। बैठक की शुरुआत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के स्वागत अभिभाषण एवं सदस्यों के परिचय के साथ हुई। इसके पश्चात दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल की उपलब्धियों, यात्री सुविधाओं, विभिन्न विकासात्मक कार्यों, अमृत भारत स्टेशन योजना, रेल सेवाओं के डिजिटलीकरण, स्वच्छता, सुरक्षा, खानपान सेवाओं तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा पूर्व में भेजे गए एजेंडा बिंदुओं एवं सुझावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सदस्यों ने मंडल में चल रहे विकास कार्यों तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं की सराहना की। साथ ही अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी स्थानीय समस्याओं और जन अपेक्षाओं से अवगत कराते हुए विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित सुझाव भी प्रस्तुत किए।
समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर मंडल प्रशासन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आवश्यकतानुसार समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, यात्री अनुकूल सुविधाओं की वृद्धि सहित रेलवे विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने समिति के सदस्यों के सहयोग एवं सुझावों के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति यात्रियों की अपेक्षाओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा प्रस्तुत किए गए महत्वपूर्ण सुझावों पर नियमानुसार प्राथमिकता के साथ कार्य करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे भारतीय रेल की सेवाएं और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बन सकें। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।
मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
बैठक में विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, ट्रेनों के ठहराव, यात्री अनुकूल सुविधाओं की वृद्धि सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर हुई सार्थक चर्चा



