रायगढ़। नगर निगम आयुक्त ब्रिजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देशानुसार बुधवार को स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम एवं वेयर हाउस परिसर में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर की 220 स्वच्छता दीदियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी स्वास्थ्य गत समस्याओं के लिए आवश्यक दवाइयों के साथ डाइट की जानकारी दी गई।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं स्वच्छता दीदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं। कई दीदियों की उनकी स्वास्थ्यगत समस्याओं पर ब्लड जांच भी मौके पर ही की गई तथा रिपोर्ट के आधार पर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिए गए।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने स्वास्थ शिविर के आयोजन को लेकर सुबह के समय पंजरी प्लांट ऑडिटोरियम एवं वेयर हाऊस एमएमयू का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर का आयोजन सफलता पूर्वक करने और स्वच्छता दीदियां के स्वास्थ्य की बेहतर जाँच एवं इलाज के साथ नि:शुल्क अच्छी कंपनी की दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता दीदियां नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएं, ताकि स्वच्छता कर्मियों को नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें।
शिविर में मौजूद एमएमयू के डॉक्टर ने बताया कि अधिकांश दीदियों को सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं, जिनके लिए आवश्यक दवाइयां तत्काल उपलब्ध कराई गईं। गंभीर मामलों में आगे की जांच एवं उपचार हेतु परामर्श दिया गया।
स्वच्छता दीदियों ने इस पहल के लिए निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्य की व्यस्तता के कारण वे नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं कर पातीं, ऐसे शिविर उनके लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इससे उनकी पूरे स्वास्थ्य की रूटीन चेकअप हो जाती है। इस दौरान उन्हें नगर निगम द्वारा भविष्य में भी स्वच्छता कर्मियों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित किए जाने की जानकारी दी गई है।
स्वच्छता दीदियों के लिए लगाया गया विशेष स्वास्थ्य शिविर
220 स्वच्छता दीदियों को मिला नि:शुल्क इलाज, ब्लड जांच व दवाइयों का लाभ



