पंखाजुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला अंतर्गत थाना बांदे क्षेत्र में ‘मोर मितान कांकेर पुलिस’ अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी रामचंद्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर कानून व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा और अपराध रोकथाम से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को जागरूक बनाकर अपराधों पर नियंत्रण करना तथा आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित बैठकों में लोगों को सुरक्षा उपाय अपनाने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने और समाज में शांति बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा और अवैध शराब के खिलाफ जागरूकता
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे और अवैध शराब की बिक्री को गंभीर समस्या बताते हुए इसके दुष्परिणामों से ग्रामीणों को अवगत कराया। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।
सीसीटीवी निगरानी और बाजार व्यवस्था पर बल
कार्यक्रम में बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी निगरानी से चोरी, विवाद और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। साथ ही व्यापारियों और नागरिकों से बाजार व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया। बैठक में साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के तरीके बताए। लोगों को जागरूक किया गया कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर विश्वास न करें और संदिग्ध मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
महिला-बाल सुरक्षा और आत्महत्या रोकथाम पर चर्चा
पुलिस ने महिला एवं बाल अपराध की रोकथाम, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। क्षेत्र में बढ़ते जहर सेवन और आत्महत्या की घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए मानसिक तनाव की स्थिति में परिवार और समाज के सहयोग से समाधान खोजने की अपील की गई।
यातायात नियमों का पालन और अमानक साइलेंसर पर कार्रवाई
सडक़ सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। पुलिस ने यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता बताते हुए वाहनों में अमानक (मॉडिफाइड) साइलेंसर के उपयोग को अवैध बताया और नियम तोडऩे वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। यह जनजागरूकता अभियान ग्राम पंचायत बांदे, सांवेर, पनावार और हनुमानपुर उलिया में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। पुलिस ने नागरिकों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में सहयोग करने की अपील की।
मोर मितान अभियान के तहत थाना बांदे पुलिस की पहल अपराध रोकथाम और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता
गांव-गांव पहुंची पुलिस — जनजागरूकता अभियान में पुलिस की सख्त चेतावनी नशा, साइबर ठगी और अवैध गतिविधियों और यातायात नियमों पर दी जानकारी



