धरमजयगढ़। जिले के धरमजयगढ़ नगर में स्थित पी एम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल से होकर गुजरने वाली सडक़ पर एक बार फिर से भारी वाहनों से संभावित हादसों को लेकर भय बना हुआ है। इन दिनों स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने से होकर जाने वाली सडक़ पर भारी गाडिय़ों का लगातार आवागमन हो रहा है। जिसके चलते इस मार्ग पर दुर्घटना की आशंका और ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। स्थानीय गायत्री मंदिर के सामने से होकर पत्थलगांव की ओर जाने वाली मुख्य मार्ग पर सडक़ निर्माण कार्य जारी है, जिसके कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन बाधित हुआ है। इसलिए बीते कुछ दिनों से पी एम श्री स्कूल के रास्ते से होकर गुजरने वाली सडक़ को बाई पास रूट बना लिया गया है और इस रोड पर सभी भारी वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। हालांकि मुख्य मार्ग पर संचालन सुचारू हो गया है लेकिन सोमवार तक अधिकांश भारी वाहन स्कूल के सामने से होकर गुजरते रहे हैं। उल्लेखनीय है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर पूर्व में प्रशासन द्वारा इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया था। कम भार वहन क्षमता वाली इस रोड पर फिलहाल भारी भरकम वाहन बेतहाशा दौड़ रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा को लेकर आशंकाओं के बीच स्कूल के बच्चों और परिजनों को आवागमन में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। ठीक इसके विपरीत, इस मामले में स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि सहित अन्य जिम्मेदारों की अब तक की सक्रियता शिथिल नजर आ रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्य मार्ग के बाधित होने पर वैकल्पिक व्यवस्था के चयन को लेकर सडक़ निर्माण एजेंसी और प्रशासन के बीच किस तरह की विधिवत प्रक्रिया अपनाई गई है।



