धरमजयगढ़। आसन्न लोकसभा चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। कई राजनीतिक दलों के द्वारा जमीनी स्तर पर प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इसके अलावा कायकर्ताओं को रिचार्ज करने के लिए विभिन्न सम्मेलन के आयोजन का प्लान तैयार किया जा रहा है। रायगढ़ जिले के छाल क्षेत्र, जिसे कांग्रेस का अभेद्य गढ़ माना जाता है और वर्तमान विधायक भी उसी क्षेत्र से हैं, में बीजेपी के द्वारा पॉलिटिकल गतिविधियां की जा रही हैं। इस कड़ी में शनिवार को ‘अबकी बार 400 के पार’ की संकल्पना को साकार करने के लिए छाल भाजपा मंडल में कार्यकर्ताओं के द्वारा क्षेत्र के सभी बूथ लेबल पर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। इसके साथ ही छाल क्षेत्र के 44 बूथ के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान बीजेपी पदाधिकारियों ने बताया कि भाजपा मंडल छाल में 9 शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी के दिशानिर्देश पर क्षेत्र के 44 बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की रणनीति के बारे में जानकारी दी गई। छाल भाजपा मंडल में आयोजित इस कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष संजय गुप्ता, महामन्त्री डोल नारयण पटेल, लालू ठाकुर, सेवक पटेल, रजनी राठिया, पुष्पा चंद्रा सहित मण्डल के दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।