पखांजुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र के सीमावर्ती नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आज सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जो देर तक चली। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। अब तक 3 नक्सलियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि हुई है, जिनमें 2 पुरुष और 1 महिला नक्सली शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि मुठभेड़ में और 6 नक्सलियों के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति का आकलन कर रही हैं। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 1 एके-47 राइफल, 1 एसएलआर राइफल तथा भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि नक्सली अत्याधुनिक और घातक हथियारों से लैस थे। फिलहाल मारे गए नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है और उनकी शिनाख्त की कार्रवाई जारी है।
इस ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को भी भारी क्षति उठानी पड़ी है। सी-60 बटालियन में पदस्थ कांस्टेबल दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष) मुठभेड़ के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल हेलीकॉप्टर से भामरागढ़ के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की। जवान की शहादत से सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, मुठभेड़ में एक अन्य जवान कांस्टेबल जोगा मडावी (निवासी किश्तयापल्ली) को भी गोली लगी है। उन्हें भी हेलीकॉप्टर से भामरागढ़ पहुंचाया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और बेहतर उपचार के लिए उन्हें गढ़चिरौली रेफर किया जाएगा। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षाबलों द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। आशंका है कि कुछ नक्सली जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो सकते हैं। इसी को देखते हुए पूरे क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर मुठभेड़ जारी
3 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन तेज



