रायगढ़। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने निकले थे, लेकिन श्याम टॉकीज रोड के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की और सडक़ पर बैठकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ‘जीत हुई सच्चाई की’ और ‘सत्यमेव जयते’ लिखे पोस्टर लेकर चल रहे थे। पुलिस प्रशासन ने पहले से ही भाजपा कार्यालय से पहले बैरिकेड्स लगाकर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर रखा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगे बढऩे की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद मौके पर ही धरना और नारेबाजी शुरू हो गई। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने बताया कि, प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर भाजपा कार्यालय घेराव का कार्यक्रम रखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया गया। न्यायालय के फैसले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नेशनल हेराल्ड मामले में कोई ठोस आधार नहीं था। उन्होंने कहा कि लगभग 2 हजार करोड़ रुपए के कथित मामले में न्यायालय से क्लीन चिट मिलने के बाद भाजपा की साजिश बेनकाब हो गई है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने यह प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यालय तक नहीं पहुंच पाए कांग्रेसी
पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा कार्यालय घेरने का आव्हान तो जरूर किया था, परंतु तय समय में पदाधिकारी व कार्यकर्ता इक्कट्ठे नहीं हो पाने के कारण प्रदर्शन में करीब डेढ़ घंटे का विलंब हुआ। बताया जाता है कि 40 से 50 की संख्या में कांग्रेसी भाजपा कार्यालय घेराव करने जा रहे थे कि उन्हें भाजपा कार्यालय से करीब 100 मीटर पहले ही पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर रोक दिया। वहीं दूसरी ओर भाजपा कार्यालय परिसर में लगभग 70 से 75 भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे, जिनका कहना था कि वे कांग्रेसियों के स्वागत के लिए मौजूद हैं। परंतु पुलिस ने कांग्रेसियों को भाजपा कार्यालय पहुंचने से पहले ही रोक दिया।
भाजपा कार्यालय घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी



