रायगढ़। जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की रात हाथियों के दल ने कई गांवों के खेतों में घुसकर करीब 30 किसानों की फसलों को बर्बाद कर दिया। वन विभाग ने सोमवार सुबह से नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है, जिससे प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा सके।
धरमजयगढ़ वनमंडल के अलग-अलग रेंज में हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। इससे रविवार रात हाथियों ने किसानों के खेत में पहुंच कर नुकसान पहुंचाया है। नुकसान होने वालों में धरमजयगढ़ रेंज के कोयलार में 2 किसानों की फसल को पहुंचाया नुकसान, वहीं बोरो रेंज के खम्हार में 1 किसान की फसल, छाल रेंज के बनहर में 1 किसान की फसल, कापू रेंज के सांगुल में 5 किसानों की फसल, लैलूंगा रेंज के कुर्रा में 7 किसानों की फसल, आमापाली बीट में 9 किसानों की फसल, बगुडेगा बीट के बैगनझरिया में 5 किसानों की फसल रौंद दी है।
वनमंडल में 115 हाथी मौजूद
वन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल धरमजयगढ़ वनमंडल में कुल 115 हाथी विचरण कर रहे हैं। जिसमें लैलूंगा के आमापाली बीट में सबसे ज्यादा 33 हाथी, बगुडेगा बीट में 27 हाथी, आमापाली में 10 हाथी शामिल हैं, इसमें इन दलों में 33 नर, 47 मादा और 35 शावक हैं।
गांवों में मुनादी और समझाइश
लैलूंगा सब-डिवीजन के एसडीओ एमएल सिदार ने बताया कि प्रभावित गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। हाथियों की गतिविधियों पर लगातार मानिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि फसलों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है और नियम अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
हाथियों ने 30 किसानों की रौंदी फसल
रात में जंगल से निकलकर खेतों में मचा रहे उत्पात
