रायपुर/सुंदरगढ़/बरगढ़/बलांगीर। आज ओडिशा में जनसभा लेने पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वहां के भाजपा के संकल्प पत्र पर ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की तर्ज पर यहाँ भी किसानों को उनके धान की 3100 रूपये की कीमत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज धान खरीदी के मामले में छत्तीसगढ़ उदाहरण बन कर सामने आया है। ओडिशा में डबल इंजन की सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ की तरह यहाँ भी माताओं को महतारी वंदन के जैसे सुभद्रा योजना से आर्थिक मदद की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हम धान का कटोरा के नाम से प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ से आते हैं। जहाँ अन्नदाता भगवान होता है और धान की बाली महतारी के माथे पर सोने जैसे दमकती है। इसलिए किसान ही छत्तीसगढ़ के सब कुछ हैं, जिसके लिए हमारी भाजपा सरकार समर्पित है। वहां हमारी सरकार वादे के मुताबिक किसानों से इकतीस सौ रुपए प्रति क्विंटल में धान खरीद रही है, साथ में अंतर की राशि भी एकमुश्त दे रहे हैं। प्रदेश के चौबीस लाख बहत्तर हजार किसानों को इसका लाभ मिला है। ओडिशा में भी भाजपा के घोषणा पत्र में यह वादा शामिल है। जैसे ही 4 जून को यहाँ भाजपा की सरकार बनेगी तो यहाँ भी इकतीस सौ रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से धान की खरीदी होगी।
श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत हमारी सरकार सत्तर लाख से ज्यादा माता-बहनों को हर महीने के पहले सप्ताह में ही एक-एक हजार की राशि दे रही है। उसी तर्ज पर ओडिशा में भाजपा सरकार बनते ही सुभद्रा योजना के तहत माता-बहनों को 50 हजार का एकमुश्त वाउचर मिलेगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की गारंटी मतलब गारंटी के पूरा होने की गारंटी। इसलिए ओडिशा में डबल इंजन की सरकार बनाएं, क्योंकि भाजपा जो कहती है उसे करती है। हमारे छत्तीसगढ़ में यही हो रहा है।
सीएम साय ने सुंदरगढ़ के बालीसंकरा, बरगढ़ के बिजेपुर और बलांगीर के बीरमहाराजपुर में भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश की बागडोर सौंपने का चुनाव है। मोदी जी गरीब परिवार से आते हैं, इसलिए गरीबों की पीड़ा उन्हें अच्छे से पता है। नरेंद्र मोदी जी देश के गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबकी चिंता करते हैं। प्रतिदिन 18 घंटे काम करते हैं। 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हैं। उन्होंने गरीबों को गैस सिलेंडर देने, पक्के घर देने, स्वच्छ पानी, मुफ्त उपचार की सुविधा, बैंक खाता खुलवाने से लेकर शौचालय बनवाने का काम किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाने, जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने के साथ देश को आतंकवाद से मुक्ति दिलाने का काम पिछले दस साल में मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है। इसलिए देश को फिर से मोदी जी जैसे मजबूत प्रधानमंत्री की जरूरत है।
आदिवासियों की चिंता केवल भाजपा ही कर सकती है
विष्णु देव साय ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहाँ आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की कोई कमी नहीं होती है। आपके ओडिशा के बेटे जुएल ओरांव इस मंत्रालय के दो बार मंत्री बने। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही सम्भव है। क्योंकि भाजपा में लोकतंत्र है, सभी वर्गों का सम्मान है।
धान की बाली की पूजा और 3100 का संकल्प
मंच पर विष्णु देव साय ने धान की बालियों की पूजा की और उद्बोधन के दौरान हाथ में बालियों को लेकर घोषणा करते हुए कहा कि ओडिशा में डबल इंजन की सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ के तर्ज पर यहाँ भी किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी होगी। यहीं उन्होंने महतारी वंदन योजना के तर्ज पर सुभद्रा योजना लागू करने की भी घोषणा की।
ओडिशा में भाजपा सरकार बनते ही किसानों से खरीदेंगे 3100 रूपये में धान : विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओडिशा में ली 3 जनसभाएं
