रायगढ़। चोरी के माल की खरीद-बिक्री और खपत पर रोक लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ दुकान पर कार्रवाई की है। पुलिस ने पीपरमार चौक स्थित कबाड़ दुकान में रेड कर करीब 800 किलोग्राम लोहे और टीन का कबाड़ तथा एक पिकअप वाहन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त कबाड़ की कीमत करीब 50 हजार रुपये और पिकअप वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये है। कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में चोरी के अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ चोरी के माल की खरीद-बिक्री और खपत रोकने के लिए अवैध कबाड़ के परिवहन और क्रय-विक्रय पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धरमजयगढ़ पुलिस को क्षेत्र में संचालित कबाड़ दुकानों की निगरानी के दौरान एक दुकान के संबंध में सूचना मिली।
थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने क्षेत्र में अवैध कबाड़ के क्रय-विक्रय और परिवहन पर नजर रखने के लिए मुखबिर तैनात किए थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मनतोष यादव नाम का व्यक्ति पीपरमार चौक में कबाड़ की दुकान संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और दुकान में रेड कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, मौके पर एक व्यक्ति लोहे और टीन के सामान के साथ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम मनतोष यादव, पिता स्वर्गीय सदर राम यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी नीचेपारा धरमजयगढ़, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने कबाड़ दुकान की जांच की। पुलिस के अनुसार, दुकान के भीतर करीब 500 किलोग्राम लोहे और टीन का स्क्रैप मिला। इसके अलावा पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-13 एबी 6317 में करीब 300 किलोग्राम स्क्रैप लोड पाया गया। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 800 किलोग्राम लोहे और टीन का कबाड़ जब्त किया।
पुलिस ने जब्त कबाड़ की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है। इसके साथ ही स्क्रैप परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने मनतोष यादव के विरुद्ध धारा 35(क-ड) बीएनएसएस /303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
अवैध कबाड़ दुकान पर रेड, 8 क्विंटल कबाड़ व पिकअप जब्त



