रायगढ़। शहर की सुप्रसिद्ध सामाजिक संस्था लॉयंस क्लब प्राइड रायगढ़ ने 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती एवं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर शासकीय विद्यालय, कोडातराई में न्योता भोज का आयोजन किया। यह आयोजन क्लब अध्यक्ष डॉ. सविता साव के विशेष मार्गदर्शन में किया गया। अध्यक्ष डॉ. सविता साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत सामुदायिक सहभागिता से संचालित ‘न्योता भोज’ पहल में क्लब ने अपनी सहभागिता निभाई, जिसके तहत लगभग 300 से 400 बच्चे लाभान्वित हुए। वहीं उन्होंने कहा हमारी खुशी बच्चों की मुस्कान बने, यही एक लॉयन की सच्ची सेवा भावना है। इसी अवसर पर क्लब सदस्य श्रीमती सुधा अग्रवाल का जन्मदिन भी सेवा और मानवता के साथ मनाया गया। बच्चों को इडली, फल, मिठाई एवं अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस पहल के माध्यम से न केवल बच्चों के साथ खुशियाँ साझा की गईं, बल्कि उनके पोषण एवं कल्याण के प्रति सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्लब अध्यक्ष डॉ. सविता साव, माइक्रो चेयरपर्सन हंगर रिलीफ श्रीमती पूनम सिंह, सचिव डॉ. नेहा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती मनीषा वर्मा, श्रीमती सुधा अग्रवाल, श्रीमती चरणजीत घई सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



